News Saga Desk
पटना। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा मंगलवार को जहानाबाद से शुरू हो रही है। 20 सितंबर को वैशाली में इसका समापन होगा। इस दौरान वे जहानाबाद, नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, उजियारपुर होते हुए 20 सितंबर को वैशाली पहुंचेंगे।
राजद के प्रदेश महासचिव एवं विधायक रणविजय साहू के अनुसार यात्रा के क्रम में तेजस्वी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद करेंगे। इसमें पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, संगठनों के प्रभारी एवं आम लोग शामिल होंगे। असल में महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में ये जिले छूट गए थे। बिहार अधिकार यात्रा में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बारे में लोगों को बताया जाएगा कि किस तरह केंद्र सरकार चुनाव आयोग से मिल कर वोटों की चोरी कर रही है।
केंद्र सरकार की ओर से राज्य की हकमारी का भी मुद्दा उठाया जाएगा। समग्रता में केंद्र और राज्य सरकार की विफलताओं की चर्चा होगी। बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे। तेजस्वी लोगों को बताएंगे कि महागठबंधन की सरकार बनने पर उन्हें क्या लाभ होगा।
पोस्टर बैनर से पटा शहर
बिहार अधिकार यात्रा के तहत पूर्व उपमुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष Tejaswi yadav यादव मंगलवार को जहानाबाद का दौरा करेंगे। वे पटना से सड़क मार्ग द्वारा सुबह 10 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे।
यहां आयोजित सभा में वे महागठबंधन के नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए एकजुटता का संदेश देंगे। राजद के नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए जिले के विभिन्न पंचायतों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया है, ताकि अधिक से अधिक लोग समारोह में भाग ले सकें।
No Comment! Be the first one.