प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात के दौरे पर, सुबह 10ः30 बजे भावनगर में 34,200 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

News Saga Desk

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात का दौरा करेंगे। वो भावनगर में सुबह लगभग 10:30 बजे ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12ः30 बजे धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। दोपहर लगभग 1:30 बजे वे एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज के गुजरात दौरे के कार्यक्रम को भारत सरकार के पत्र एवंं सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने विज्ञप्ति और भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) ने एक्स पोस्ट के माध्यम से साझा किया है।

केंद्र सरकार के पत्र एवंं सूचना कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समुद्री क्षेत्र को एक बड़े प्रोत्साहन के रूप में 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली समुद्री क्षेत्र से संबंधित अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे इंदिरा डॉक पर मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह, कोलकाता में एक नए कंटेनर टर्मिनल और संबंधित सुविधाओं, पारादीप बंदरगाह पर नए कंटेनर बर्थ, कार्गो हैंडलिंग सुविधाओं और संबंधित विकास कार्यों, टूना टेकरा मल्टी-कार्गो टर्मिनल, कामराजर बंदरगाह, एन्नोर में अग्निशमन सुविधाओं और आधुनिक सड़क संपर्क, चेन्नई बंदरगाह पर समुद्री दीवारों और रिवेटमेंट सहित तटीय सुरक्षा कार्यों, कार निकोबार द्वीप पर समुद्री दीवार निर्माण, दीनदयाल बंदरगाह, कांडला में एक बहुउद्देश्यीय कार्गो बर्थ और ग्रीन बायो-मेथनॉल संयंत्र, और पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी समग्र और निरन्‍तर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी केन्‍द्र और राज्य सरकार की 26,354 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वो छारा बंदरगाह पर एचपीएलएनजी पुनर्गैसीकरण टर्मिनल, गुजरात आईओसीएल रिफाइनरी में एक्रिलिक और ऑक्सो एल्कोहल परियोजना, 600 मेगावाट ग्रीन शू पहल, किसानों के लिए पीएम-कुसुम 475 मेगावाट कंपोनेंट सी सोलर फीडर, 45 मेगावाट बडेली सोलर पीवी परियोजना, धोर्डो गांव के पूर्ण सौरीकरण आदि का उद्घाटन करेंगे। वे एलएनजी बुनियादी ढांचा, अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, तटीय संरक्षण कार्यों, राजमार्गों, स्वास्थ्य सेवा और शहरी परिवहन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें भावनगर में सर टी. जनरल अस्पताल, जामनगर में गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल का विस्तार और 70 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन का बनाना शामिल है।

प्रधानमंत्री धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (डीएसआईआर) का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे, जिसकी परिकल्पना एक हरित औद्योगिक शहर के रूप में की गई है जो दीर्घकालिक औद्योगीकरण, स्मार्ट बुनियादी ढांचे और वैश्विक निवेश पर आधारित है। वे लोथल में लगभग 4,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएचएमसी) का दौरा और उसकी प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। यह परिसर देश की प्राचीन समुद्री परंपराओं का उत्सव मनाने और उन्हें संरक्षित करने तथा पर्यटन, अनुसंधान, शिक्षा और कौशल विकास के केंद्र के रूप में कार्य करेगा।


Read More News

Read More