“बिल्डर की हत्या में दामाद-समधी और शूटर को उम्रकैद, 3 साल पहले हुई थी हत्या”

News Saga Desk

रांची। राजधानी रांची के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड मामले में लगभग तीन साल आज सजा सुनाई गई। अपर न्यायायुक्त आनंद प्रकाश की अदालत ने आरोपी डबलू कुजूर, उसके पुत्र राहुल कुजूर और शूटर काविस अदनान को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

तीनों पर आईपीसी की धारा 302 के तहत दस-दस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने की स्थिति में उन्हें तीन महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक रिहा

फैसले में अदालत ने डबलू कुजूर की पत्नी सुशीला कुजूर को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। वहीं, इस केस के एकमात्र सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक को भी अदालत ने रिहा कर दिया। मुनव्वर अफाक वादा माफ गवाह बने थे। उनकी गवाही इस मामले को अंजाम तक पहुंचाने में अहम साबित हुई। अदालत ने इससे पहले 16 सितंबर को बहस पूरी कर ली थी। 19 सितंबर को फैसला सुनाने की तारीख तय की थी। आज सजा सुनाई गई।

डीएसपी प्रकाश सोय की टीम ने निभाई बड़ी भूमिका

इस हत्याकांड की जांच में रांची पुलिस ने सराहनीय काम किया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजबूत साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए। बेहतर टीमवर्क के चलते तीनों मुख्य आरोपियों को दोषी करार दिलवाने में पुलिस सफल रही। पूरे प्रकरण में अनुसंधान से लेकर अभियोजन तक की प्रक्रिया ने यह सुनिश्चित किया कि मामला न्याय तक पहुंचे।

30 मई 2022 को हुई थी हत्या

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 30 मई 2022 को कमल भूषण पर उस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जब वह अपनी कार में बैठे थे। घटना रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल से थोड़ी दूरी पर सुप्रिया फास्ट फूड के पास हुई थी। घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस संबंध में कमल भूषण के पुत्र पवन आर्या ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कमल मधुकम में रहते थे।

सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस के बाद कमल ने बदला पेशा

जिस साल हत्या की गई थी उससे 18 वर्ष पहले एलएलबी करने के बाद कमल भूषण ने सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की थी। 6 माह बाद प्रैक्टिस छोड़ कर जमीन कारोबार से जुड़ गए थे। उन्होंने खूब पैसे कमाए। वे सहारा इंडिया से भी जुड़े थे। पर, ज्यादा समय जमीन कारोबार को देते थे।

घटना के बाद उनके बेटे पवन आर्या की ओर से दिए गए बयान में बताया गया था कि उसके पिता का कभी किसी से विवाद नहीं हुआ। एक वर्ष पहले उनके पार्टनर डब्लू कुजूर का बेटा राहुल ने बहन यामिनी से शादी कर ली थी।

इससे पिता नाराज थे। राहुल, डब्ल्यू कुजूर और छोटू कुजूर मेरे पिता को जान से मारने की धमकी देते थे। राहुल के इशारे पर ही हत्या हुई है।

बेटी ने प्रेम विवाह किया था, दामाद से था विवाद

घटना के लगभग एक वर्ष पहले कमल भूषण की बेटी यामिनी ने देवी मंडप रोड निवासी राहुल कुजूर से प्रेम विवाह किया था। राहुल के पिता डब्लू कुजूर मधुकम निवासी कमल भूषण के साथ जमीन का कारोबार करते थे। इसी वजह है कि राहुल का कमल भूषण के घर आना-जाना लगा रहता था।

इसी दौरान राहुल और यामिनी के बीच प्रेम संबंध बन गया। कमल ने राहुल को बेटी से दूर रहने के लिए भी बोला था, पर वो नहीं माना। इसके बाद दोनों ने दिल्ली जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। तब से कमल भूषण बेटी और दामाद से नाराज चल रहे थे।


Read More News

Read More