News Saga Desk
रांची। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही राजधानी रांची में मां दुर्गा के भक्तों की भीड़ धीरे-धीरे पंडालों की ओर उमड़ने लगी है। पंचमी और षष्ठी के बाद यह भीड़ और ज्यादा बढ़ेगी, जिसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष तैयारियां कर ली हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में अपने अभियान कौशल का लोहा मनवा चुके आईपीएस अधिकारी राकेश सिंह ने हाल ही में रांची के ट्रैफिक एसपी का पदभार संभाला है, और अब दुर्गा पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था की कमान उनके हाथों में है। ट्रैफिक एसपी ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि राजधानी के प्रमुख पूजा पंडालों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक रूट प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में 1100 ट्रैफिक जवान और 50 से अधिक अफसरों को ड्यूटी पर तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल की भी मांग की गई है, जिसे जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर लगाया जाएगा।
ड्रॉप गेट, नो एंट्री और पार्किंग की खास व्यवस्था
पूजा के दौरान शहर भर में 1000 से ज्यादा ड्रॉप गेट बनाए जा रहे हैं। प्रमुख पंडालों तक श्रद्धालुओं को सुरक्षित पहुंचाने के लिए नो एंट्री जोन निर्धारित किए गए हैं, जहां ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ जिला बल के जवान भी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक एसपी ने बताया कि पंडालों के आसपास कई पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। इस बार ट्रैफिक पुलिस को सिर्फ जाम हटाने की नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की भी जिम्मेदारी दी गई है। ट्रैफिक जवानों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं छेड़छाड़, छिनतई या किसी तरह की अव्यवस्था दिखे, तो तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए और कार्रवाई सुनिश्चित हो। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को न केवल सुगम यातायात मिले, बल्कि वे खुद को सुरक्षित भी महसूस करें।
भारी वाहनों पर रोक, छोटे वाहनों के लिए अलग रूट
पूरे नवरात्र और विशेष रूप से विसर्जन के दिन भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट चार्ट तैयार किया है। वहीं, चार पहिया निजी वाहनों के लिए भी अलग से रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। श्रद्धालुओं के वाहन पंडाल से कुछ दूरी पर पार्क करवाए जाएंगे, जिससे वे आसानी से पैदल चलकर दर्शन कर सकें। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में रांची पुलिस ने इस बार नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक और रणनीतिक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन का फोकस है कि हर कोई सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से मां दुर्गा के दर्शन कर सके।
No Comment! Be the first one.