पलामू: पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में एक बीए की छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। छात्रा का शव परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दफना दिया था। लेकिन ग्रामीणों की सूचना पर दो दिन बाद पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाला।
मामला होटवार गांव का है, जहां छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने जल्दबाजी में शव को दफन कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। एक युवक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जिस पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
ग्रामीणों ने बताया कि छात्रा की मौत रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई थी और घटना के बाद परिवार ने पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.