पलामू: झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, हुसैनाबाद के दंगवार शाखा में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों का खुलासा हुआ है। बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक मनोज कुमार सिंह पर करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया कि जुलाई में शाखा के ऑडिट के दौरान गड़बड़ियों का पता चला। इसके बाद वर्तमान शाखा प्रबंधक आशीष रंजन ने मनोज कुमार सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में 1.36 करोड़ रुपए की गड़बड़ी सामने आई थी, जो आगे की जांच में बढ़कर 6.3 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। आरोपी ने कुछ रकम, करीब 4.66 करोड़ रुपए, बैंक को वापस भी की थी।
फिक्स डिपॉजिट और महिला स्वयं सहायता समूह को बनाया निशाना
पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में यह खुलासा हुआ कि मनोज कुमार सिंह ने बैंक के फिक्स डिपॉजिट करने वाले ग्राहकों और महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्यों को निशाना बनाया। उनके फिक्स डिपॉजिट की अनुमति के बिना निकासी की गई और SHG के सदस्यों के नाम पर अलग खाते खोले गए।
धन का ट्रांसफर पेट्रोल पंप और परिचितों के माध्यम से
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी ने घोटाले की रकम को अपने पेट्रोल पंप और परिचितों को ट्रांसफर किया। फिक्स डिपॉजिट और SHG खातों से निकाली गई रकम विभिन्न स्थानों से होकर आरोपी तक पहुंचती थी।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में SIT ने मामले की गहन जांच की। टीम में हुसैनाबाद इंस्पेक्टर विनोद राम, थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी, सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार और दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार शामिल थे। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मनोज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया।
No Comment! Be the first one.