हजारीबाग के बरकट्ठा के गोरहर थाना क्षेत्र में एक सीमेंट व्यवसायी सुनील कुमार पांडेय के घर और दुकान में रात के समय छह नकाबपोश अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने पहले व्यवसायी और उनके परिवार को बंधक बनाया और बंदूक की बट से मारकर घायल किया। इसके बाद घर में रखी लगभग 6 लाख रुपये नकद और जेवर लूटकर फरार हो गए।
व्यवसायी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि अपराधी कार और बाइक से आए और उन्हें हथियार के बल पर दुकान के ऊपरी तल में ले जाकर हाथ-पैर बांध दिए। उनके बेटे सुमित पांडेय को भी चोट आई। घायल परिवार का इलाज सीएचसी बरकट्ठा में कराया गया।
मौके पर बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, बरकट्ठा अंचल निरीक्षक इमदाद अंसारी और गोरहर थाना प्रभारी नीतीश कुमार पहुंचे और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूर्व विधायक और पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष जानकी यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों को पकड़ना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए और पीड़ित को जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की।
यह घटना इलाके में दहशत फैलाने वाली मानी जा रही है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।
No Comment! Be the first one.