गिरिडीह। जिले के कोर्ट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी बच्चू सिंह हथकड़ी समेत पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। लेकिन पुलिस और स्थानीय दुकानदारों की सतर्कता से उसे कुछ ही देर में टावर चौक के पास पकड़ लिया गया।
यह मामला धनवार थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ पंचायत के गरडीह गांव का है, जहां शनिवार को 55 वर्षीय रविंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में शामिल 25 वर्षीय बच्चू सिंह को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था।
ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम
एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल की टीम ने आरोपी बच्चू सिंह को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था।
जैसे ही पुलिस टीम कोर्ट परिसर के पास पहुंची, बच्चू अचानक हथकड़ी और रस्सी सहित भागने लगा। वह टावर चौक की ओर दौड़ पड़ा, जबकि पुलिस पदाधिकारी और जवान उसके पीछे दौड़ने लगे।
दुकानदारों की मदद से आरोपी फिर पकड़ा गया
भागते हुए आरोपी को देखकर टावर चौक के दुकानदार तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने भाग रहे युवक को घेरकर रोक लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में ले लिया।
पुलिस की प्रतिक्रिया
धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल ने बताया कि हत्या के आरोपी बच्चू सिंह को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट लाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस बल को चकमा देने की कोशिश की। लेकिन पुलिसकर्मियों की तत्परता और स्थानीय नागरिकों की मदद से आरोपी को तुरंत काबू कर लिया गया।
पुलिस ने मामले की पूरी जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी है, और अब आरोपी को सख्त निगरानी में रखा गया है।
No Comment! Be the first one.