बिहार चुनाव से झामुमो ने किया किनारा, मंत्री सुदिव्य कुमार बोले—कांग्रेस और राजद ने किया राजनीतिक छल

रांची। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर झारखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। झारखंड सरकार में मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सोमवार को घोषणा की कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अब बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगा। पार्टी किसी भी सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी और न ही महागठबंधन के लिए प्रचार करेगी।

कांग्रेस और राजद पर गंभीर आरोप

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर गठबंधन धर्म तोड़ने और राजनीतिक छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर झामुमो को जानबूझकर भ्रमित किया गया, जबकि अंत तक पार्टी को कोई स्पष्ट प्रस्ताव या सीट ऑफर नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा, “झारखंड में हमने गठबंधन धर्म निभाया, कांग्रेस और राजद को सम्मान दिया, सीटें छोड़ीं और सरकार में साझेदारी भी की। इसके बावजूद बिहार में झामुमो को नज़रअंदाज़ करना राजनीतिक विश्वासघात है।”

इंडिया गठबंधन पर भी साधा निशाना

सुदिव्य कुमार ने इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने इस विवाद में मध्यस्थता करने से परहेज किया और कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया। इससे झामुमो की नाराजगी और गहरी हो गई है।

बिहार और झारखंड की राजनीति पर असर

मंत्री ने कहा कि इस निर्णय का असर न केवल बिहार बल्कि झारखंड की राजनीति पर भी दिखाई देगा। झामुमो जल्द ही अपनी अगली राजनीतिक रणनीति तय करेगा।

झामुमो के चुनावी मैदान से हटने के फैसले ने बिहार में महागठबंधन के समीकरणों को झटका दिया है, जबकि झारखंड की सियासत में भी नए तनाव और बदलते समीकरणों के संकेत मिलने लगे हैं।

Read More News

Read More