रांची। दीपावली की रौशनी के बीच झारखंड के दो जिलों — जमशेदपुर और गुमला — में बीती रात आगजनी की दो बड़ी घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इन हादसों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ, हालांकि दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
🔥 गुमला में दीये से लगी आग, किराना दुकान में लाखों का नुकसान
गुमला जिले के सदर प्रखंड के मुरकुंडा गांव में दीपावली की रात ‘शुभम किराना स्टोर’ में आग लग गई। बताया गया कि दुकान में जल रहे दीये की लौ पास रखे पॉलिथीन और अन्य सामान में पकड़ गई, जिससे कुछ ही देर में पूरी दुकान धधक उठी।
स्थानीय लोगों ने पानी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दुकान में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सामान जलकर राख हो गए। आग की तेज़ लपटों से आस-पास के घरों में दहशत फैल गई।
🔥 जमशेदपुर के गोला बस्ती में स्क्रैप टाल में भीषण आग
वहीं जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित गोला बस्ती के एक स्क्रैप टाल (कबाड़खाना) में देर रात करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई।
टाल मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि पूजा-पाठ के बाद सभी लोग घर लौट चुके थे, तभी आग लगने की खबर मिली।
कुछ ही मिनटों में प्लास्टिक, लोहे के टुकड़े, रबर और अन्य कबाड़ का ढेर जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुआं उठते ही आसपास की घनी आबादी में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर सोनारी, बारीडीह और गोलमुरी फायर स्टेशन की कुल छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो यह पास की बस्तियों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल दोनों घटनाओं में जनहानि की कोई खबर नहीं है, लेकिन दीपावली की रात आग की इन घटनाओं ने इलाके में चिंता और सतर्कता का माहौल बना दिया है।
No Comment! Be the first one.