रांची: रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के घाघरा इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टिकरा टोली निवासी 23 वर्षीय सोमरा कुजुर के रूप में हुई है। वह दिव्यांग और मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, दीपावली की रात सोमरा ने अपने पिता जयु कुजुर से अंडा खाने के लिए 30 रुपये मांगे और रात करीब 9 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। बुधवार सुबह करीब 8 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने मवेशी चराते समय जंगल में शव देखा और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वायड की टीम टिकरा टोली स्थित एक पक्के कुएं तक जाकर रुकी, जिससे यह संदेह गहरा गया कि घटना में गांव के ही किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या डंडे से पीट-पीटकर की गई प्रतीत होती है। बाद में पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया गया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.