News Saga Desk
पलामू: झारखंड के हुसैनाबाद में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत को लेकर शुक्रवार को गंभीर हंगामा हुआ। परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जपला, छतरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय कलावती देवी के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के जयनगरा गाँव की निवासी थीं। परिजनों ने बताया कि 14 अक्टूबर को कलावती देवी का ऑपरेशन हुसैनाबाद स्थित आर्यन हॉस्पिटल में हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की लापरवाही से आंत कट गई, जिससे संक्रमण फैल गया और उनकी जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल संचालक फरार बताए जा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम कुमार अंजन ने बताया कि कलावती देवी अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थीं। उनके पति रामचंद्र बैठा लकवाग्रस्त हैं और दो बेटियाँ विवाह योग्य हैं, जिससे परिवार अब गहरे आर्थिक संकट में है।
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगाया, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा।
बाद में हुसैनाबाद सीओ पंकज कुमार ने पीड़ित परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया।
No Comment! Be the first one.