जमशेदपुर में दो स्थानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

News Saga Desk

जमशेदपुर : जमशेदपुर में शुक्रवार रात दो अलग-अलग इलाकों में हुई फायरिंग की घटनाओं से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। जुगसलाई और गोलमुरी थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पहली घटना जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर की है, जहां देर शाम जफर अली नामक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घायल जफर को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।

दूसरी घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी इलाके में हुई, जहां कुछ अज्ञात युवक रवि खेड़ा के घर पहुंचे और पहले हवाई फायरिंग की। जवाब में रवि खेड़ा और उनके साथियों ने भी गोली चलाई, जिसमें सतपाल सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों की जांच अलग-अलग टीमें कर रही हैं। लगातार हो रही गोलीबारी की इन घटनाओं ने शहरवासियों में भय और आक्रोश दोनों को बढ़ा दिया है।

Read More News

बिहार में अपराध की तीन घटनाएं: बेगूसराय में युवती से दरिंदगी, दरभंगा में बच्ची से छेड़छाड़, पटना में चाकूबाजी

Bihar Crime News: बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेगूसराय में होटल के भीतर युवती से...

Read More