ऑपरेशन प्रहार के तहत जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 नशा कारोबारी गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार असर दिखा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक 186 पुड़िया ब्राउन शुगर, 38.12 ग्राम अफीम, 90 पुड़िया गांजा और 27 बोतल नशीली कफ सिरप जब्त की गई है। बरामदगी से स्पष्ट है कि शहर और आसपास के इलाकों में नशे का अवैध कारोबार सक्रिय था, जिस पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

इस पूरे अभियान की समीक्षा स्वयं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे कर रहे हैं। वे थानेदारों और विशेष पुलिस टीमों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े हर कड़ी तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इसी क्रम में शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में पीयूष पांडे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नशे का कारोबार कानून-व्यवस्था और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Read More News

Read More