News Saga Desk
झारखंड में बीएड कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया का चौथा राउंड पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के विभिन्न संस्थानों में करीब 15 से 20 प्रतिशत सीटें अब भी खाली पड़ी हैं। कॉलेज प्रबंधन और अभ्यर्थी दोनों ही अब पांचवें राउंड की काउंसलिंग की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जबकि झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड जेसीइसीइबी की ओर से अब तक इसकी तिथि जारी नहीं की गई है।
कॉलेज प्रबंधकों का कहना है कि बीएड में प्रवेश प्रक्रिया पहले ही लगभग चार महीने की देरी से चल रही है। ऐसे में यदि पांचवें राउंड की काउंसलिंग में और विलंब होता है, तो इसका सीधा असर शैक्षणिक सत्र पर पड़ेगा। कई संस्थानों में कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन सीटें खाली रहने के कारण पढ़ाई और संस्थागत संचालन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों की चिंता भी लगातार बढ़ रही है। कई उम्मीदवार बीएड में दाखिले की उम्मीद में अन्य शैक्षणिक या करियर विकल्प छोड़ चुके हैं और अब आधिकारिक सूचना का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो पूरा शैक्षणिक सत्र बर्बाद होने का खतरा है।
इस बीच, जेसीइसीइबी ने स्पष्ट किया है कि पांचवें राउंड की काउंसलिंग के लिए उच्च शिक्षा विभाग से अनुमति मांगी गई है। विभाग से स्वीकृति मिलते ही काउंसलिंग की तिथि घोषित कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि चौथे राउंड की नामांकन प्रक्रिया 25 नवंबर को पूरी हुई थी और उसके बाद 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अगले चरण को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हो सकी है। ऐसे में अभ्यर्थियों और कॉलेजों की निगाहें अब उच्च शिक्षा विभाग के फैसले पर टिकी हुई हैं।
No Comment! Be the first one.