रांची में फर्जी सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा, महिला समेत जमीन कारोबारी सहित पांच गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

रांची : राजधानी रांची में फर्जी सामूहिक दुष्कर्म के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना जमीन विवाद में फंसाने के लिए सुनियोजित साजिश के तहत रची गई थी। रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला, जमीन कारोबारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला के अलावा बलसोगरा निवासी जमीन कारोबारी साबिर खान, मो. नसीम, इम्तियाज आलम और विक्की खान शामिल हैं। पूछताछ के दौरान महिला ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी महिला और मो. नसीम के बीच साली-जीजा का रिश्ता है। चान्हो निवासी मुदबिर के साथ जमीन कारोबारी साबिर खान का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते साबिर खान ने नसीम के साथ मिलकर मुदबिर और अन्य को फंसाने की योजना बनाई। इसके लिए नसीम ने अपनी साली को 50 हजार रुपये देकर फर्जी सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने के लिए राजी किया।

नसीम के कहने पर महिला ने बेड़ो थाना में सद्दाम अंसारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने एक आरोपी सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में सद्दाम के परिजनों ने आईजी से निष्पक्ष जांच की मांग की, जिसके बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और पूरे मामले का उद्भेदन हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि महिला जिस स्थान पर घटना होने का दावा कर रही थी, वहां आरोपियों की न तो मोबाइल लोकेशन मिली और न ही कोई अन्य ठोस साक्ष्य। कड़ाई से पूछताछ के बाद महिला ने फर्जीवाड़े की बात स्वीकार की। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि महिला प्राथमिकी अभियुक्तों से केस उठाने के एवज में लगातार मोटी रकम की मांग कर रही थी।

बताया गया कि महिला ने अक्टूबर माह में बालसोरगा निवासी रागिब अकरम, वकार अहमद, मुद्दबिर परवेज, इजहार आलम और सद्दाम अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें जबरन ले जाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी जमीन कारोबारी साबिर खान इलाके में निजी बॉडीगार्ड के बल पर दबंगई करता था और जमीन पर कब्जा करने के आरोप भी उस पर पहले से हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

जमीन विवाद से जुड़े पीड़ित मुदबिर ने कुछ दिन पहले डीजीपी से साबिर खान के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस का मानना है कि इसी शिकायत के बाद साबिर खान ने बदले की नीयत से पूरी साजिश रची और फर्जी सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया।

Read More News

Read More