News Saga Desk
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तिथियां जल्द घोषित करने, चुनाव दलीय आधार पर कराने और बैलट पेपर के बजाय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतदान कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की महानगर इकाई ने रांची नगर निगम कार्यालय के समक्ष महाधरना आयोजित किया।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महाधरना के माध्यम से भाजपा ने राज्य सरकार पर नगर निकाय चुनाव जल्द कराने का दबाव बनाया।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देश के बावजूद राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव कराने में लगातार देरी कर रही है, जिसका सीधा असर शहरी विकास कार्यों पर पड़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2008 में हुए नगर निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बैलट पेपर से मतदान होने के कारण मतगणना में चार-चार दिन लग गए थे। उन्होंने दलीय आधार पर चुनाव कराने की वकालत करते हुए कहा कि इससे धनबल और बाहुबल के दुरुपयोग पर रोक लगती है।
धरना स्थल पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से कराए जाएं तो पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी। साथ ही दलीय आधार पर चुनाव होने से आम जनता की भागीदारी भी बढ़ेगी।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार जल्द नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं करती है तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

No Comment! Be the first one.