गिरिडीह CCL कोलियरी की वर्कशॉप में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, तीन गार्ड बंधक बनाकर की लूट

News Saga Desk

गिरिडीह में सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) की गिरिडीह कोलियरी एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गई है। कोयला चोरी के साथ-साथ अब अपराधी कीमती सामान की लूट की वारदातों को भी अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सीसीएल की वर्कशॉप से जुड़ा है, जहां मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे से बुधवार सुबह 5 बजे तक की है। करीब 25 से 30 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पहले वर्कशॉप को घेर लिया। इसके बाद वहां तैनात तीन सुरक्षा गार्डों-मो. अफजल हुसैन, श्यामसुंदर यादव और अर्जुन सिंह-को जान से मारने और गर्दन काटकर लटका देने की धमकी दी। बदमाशों ने तीनों गार्डों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया।

गार्डों ने बताया कि रात 11:30 बजे सीसीएल का गश्ती दल वर्कशॉप पहुंचा था, जबकि करीब 1 बजे थाना का गश्ती दल भी निरीक्षण कर वापस चला गया। गश्ती दलों के जाने के बाद ही अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों के पास पिस्टल समेत कई अन्य हथियार थे।

करीब तीन घंटे तक अपराधी वर्कशॉप में डटे रहे और अलग-अलग कमरों के ताले तोड़कर लूटपाट की। सुबह करीब पांच बजे अपराधियों के जाने के बाद गार्डों को बाहर निकाला गया। जांच में सामने आया कि वर्कशॉप के चार कमरों के ताले टूटे हुए हैं। हालांकि, किन-किन सामानों की चोरी हुई है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। वर्कशॉप इंचार्ज के निरीक्षण के बाद ही नुकसान का पूरा आकलन हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीसीएल के जीएम, पीओ और अन्य अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

Read More News

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, चलेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के...

Read More