News Saga Desk
गिरिडीह : जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। करमाटांड के आगे पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चला रहा युवक भारी इंजन के नीचे दबकर फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरी रात और सीमित संसाधनों के बावजूद लोगों ने हिम्मत नहीं हारी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और चालक को ढांढस बंधाते हुए रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान जेसीबी मंगाने की व्यवस्था भी की गई।
कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू हुआ। करीब तीन घंटे तक जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को बेहद सावधानी से हटाया गया, ताकि इंजन के नीचे फंसे चालक को किसी तरह की अतिरिक्त चोट न पहुंचे। हर पल तनाव भरा रहा, लेकिन सभी की कोशिशें आखिरकार सफल रहीं।
लगातार प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और कई ग्रामीण भावुक हो उठे। घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे जमुई रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल चालक की हालत स्थिर है।
No Comment! Be the first one.