झारखंड को मिला सेंट्रल कॉरिडोर का तोहफा: रांची से सिमरिया तक NH-99 को मिली मंजूरी

News Saga Desk

रांची : झारखंड के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिलने जा रही है। नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में रांची–ठाकुरगांव–बुढ़मू–टंडवा–सिमरिया–बगरा मार्ग को झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-99 (NH-99) का दर्जा देने की मंजूरी दे दी गई है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पिपरवार, टंडवा और खलारी कोयलांचल सहित आसपास के इलाकों में आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। कॉरिडोर के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे।

कॉरिडोर बनने से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी भी आसान होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कम समय और कम लागत लगेगी। आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सस्ता होगा, वहीं राजधानी रांची तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

इसके अलावा इस मार्ग से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य की खनिज संपदा औद्योगिक क्षेत्रों तक तेजी से पहुंच सकेगी, जिससे झारखंड देश के समग्र विकास में और मजबूत भूमिका निभा सकेगा।

Read More News

Read More