News Saga Desk
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक 9 जनवरी को सुबह 9:30 बजे झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। मुख्य न्यायाधीश के तौर पर उनका कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा।
जस्टिस सोनक का न्यायिक सफर काफी समृद्ध और विविध रहा है। उन्होंने वर्ष 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में लंबे समय तक सिविल एवं संवैधानिक कानून, श्रम व सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक व कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं से जुड़े मामलों में प्रभावी प्रैक्टिस की।
अपने करियर के दौरान जस्टिस सोनक ने केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्टैंडिंग काउंसल और राज्य सरकार के विशेष काउंसल के रूप में भी सेवाएं दीं। वर्ष 2013 में उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 2 मार्च 2016 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी।
शिक्षा एवं प्रारंभिक जीवन:
जस्टिस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को गोवा में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा डॉन बॉस्को हाई स्कूल, पणजी से पूरी की। इसके बाद डेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी तथा एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।
No Comment! Be the first one.