एएमपी कोलियरी के पंप ऑपरेटर की इलाज के दौरान मौत, आश्रित को मिला प्रोविजनल नियोजन

NEWS SAGA DESK

बाघमारा। बीसीसीएल बरोरा एरिया अंतर्गत वन क्षेत्र की एएमपी कोलियरी में कार्यरत पंप ऑपरेटर रंजन कुमार रवानी (57) का गुरुवार को गौरी देवी अस्पताल, दुर्गापुर में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह डुमरा जमुआटांड के निवासी थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
परिजनों के अनुसार 21 दिसंबर की रात पाली में ड्यूटी के दौरान अचानक रंजन कुमार की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए क्षत्रिय अस्पताल, डुमरा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद केंद्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसी दिन उन्हें गौरी देवी अस्पताल, दुर्गापुर में भर्ती कराया गया था। लंबा इलाज चलने के बाद 8 जनवरी को उनकी मौत हो गई।
कर्मी की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल से शव लेकर यूनियन प्रतिनिधियों के साथ जीएम कार्यालय पहुंचे। मृतक के आश्रित पुत्र को तत्काल प्रोविजनल नियोजन देने की मांग को लेकर यूनियन प्रतिनिधियों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर शव के साथ धरना शुरू कर दिया। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल नियोजन नहीं दिया गया तो क्षेत्र का उत्पादन ठप कर दिया जाएगा।
सूचना मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुधन महतो क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। उनके हस्तक्षेप से प्रबंधन और यूनियन के बीच लंबी वार्ता के बाद सहमति बनी। इसके तहत बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक के.के. सिंह, पीओ टी.एस. चौहान, विधायक शत्रुधन महतो तथा यूनियन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मृतक के पुत्र मुकेश रवानी को प्रोविजनल नियुक्ति पत्र सौंपा गया। साथ ही अन्य देय राशि का भुगतान नियमानुसार करने का आश्वासन भी दिया गया।
इसके बाद परिजन शव को दाह संस्कार के लिए घर ले गए।
मौके पर एपीएम अभिराज शेखर, कार्मिक प्रबंधक (प्रशासन) हेमंत कुमार हेना, संतोष कुमार सहित यूनियन प्रतिनिधियों में लगनदेव यादव, संतोष गोराई, जे.के. झा, दयाल महतो, एन.डी. पांडेय, विनोद रवानी, हुबलाल रवानी, नंदलाल रवानी, महेंद्र रवानी, जगदीश रवानी, नवल किशोर, सुमन पांडेय, संजय चौबे, संजय सिंह, तपन पांडेय, प्रेमलाल रजवार, गणेश सिंह, शिबू सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More