झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, मैक्लुस्कीगंज में पारा -1.5°C, 9 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

News Saga Desk

झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। शुक्रवार की सुबह राज्य के कई जिलों में घना कोहरा और धुंध छाई रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कनकनी भरी ठंड के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के नौ जिलों-गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़ और बोकारो-में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को दिन में मौसम शुष्क रहेगा और आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि सुबह के समय पूरे राज्य में कोहरा और धुंध बने रहने की आशंका है। शुक्रवार और शनिवार से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि 11 जनवरी से मौसम साफ होने के आसार हैं।

गुरुवार को कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ा। मेदिनीनगर में दृश्यता 300 मीटर और देवघर में 500 मीटर दर्ज की गई, जिससे विमान और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं।

मैक्लुस्कीगंज में जम गया पानी

मैक्लुस्कीगंज में गुरुवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड इतनी तीव्र रही कि खुले में रखे बर्तनों का पानी जमकर बर्फ बन गया। लपरा विकासनगर स्थित लिटिल स्टार स्कूल परिसर में सुबह 6 बजकर 7 मिनट पर -1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं अलग-अलग स्थानों पर तापमान माइनस 1 से 1 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 9 और 10 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

अन्य जिलों का तापमान

गुरुवार को हजारीबाग में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। कांके में 6.4 डिग्री, खूंटी में 3.2 डिग्री, मेदिनीनगर में 3.4 डिग्री और लोहरदगा में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान (°C):

रांची – 8.0
जमशेदपुर – 8.4
बोकारो – 6.5
लातेहार – 7.6
लोहरदगा – 3.6
धनबाद – 8.0
देवघर – 8.0
रामगढ़ – 5.0
पाकुड़ – 8.0
सरायकेला – 5.4

Read More News

Read More