News Saga Desk
धनबाद रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण में हुए मुआवजा घोटाले को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक ACB की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 16 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में भू-राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी और कई बिचौलिए शामिल बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा रैयतों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, लेकिन मुआवजा भुगतान के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं. जांच एजेंसियों के अनुसार इस मामले में करीब 300 करोड़ रुपये के मुआवजा घोटाले का आरोप है.
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में इस घोटाले का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने इसकी जांच पहले निगरानी ब्यूरो और बाद में ACB को सौंपी थी. प्रारंभिक जांच में गड़बड़ियों की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकांत पाठक, लाल मोहन नायक सहित कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था.
ACB की मौजूदा कार्रवाई को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. इस मामले में न्याय की आस लगाए बैठे लोगों में से अब तक छह से अधिक की मौत हो चुकी है, जिससे इस घोटाले की गंभीरता और बढ़ गई है.
No Comment! Be the first one.