News Saga Desk
रांची। आरपीएफ रांची, कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। इसी क्रम में 8 जनवरी 2026 को “नन्हे फरिश्ते” अभियान के तहत आरपीएफ पोस्ट रांची की एएचटीयू टीम ने डीएनएफटी टीम एवं सीआईबी रांची के साथ संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शाम करीब 5:30 बजे रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर दो लड़कियां संदिग्ध अवस्था में अकेली बैठी हुई पाई गईं, जो देखने में नाबालिग प्रतीत हो रही थीं। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आरिति कंडुलना (उम्र लगभग 14 वर्ष), पिता बुधवा कंडुलना तथा चुनु कंडुलना (उम्र लगभग 16 वर्ष), पिता सुखराम कंडुलना बताया। दोनों खूंटी जिले के रानिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खटंगा गांव की रहने वाली हैं। लड़कियों ने बताया कि वे घरेलू काम की तलाश में घर से निकली थीं। जांच में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और दोनों को चाइल्डलाइन रांची के सदस्य के हवाले कर दिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोहन लाल सहित आरपीएफ स्टाफ संजय यादव, दिव्या सिंह, पी. पान, एस. पी. टोप्पो एवं सी. कच्छप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
No Comment! Be the first one.