रांची में लापता भाई-बहन की तलाश तेज, कई इलाकों में चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

News Saga Desk

राजधानी रांची के दुर्गा थाना क्षेत्र स्थित मौसीबाड़ी से 2 जनवरी को लापता हुए भाई-बहन का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. बच्चों की तलाश में रांची पुलिस ने खोज अभियान और तेज कर दिया है. शुक्रवार को सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमों ने मौसीबाड़ी और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया.

पुलिस की टेक्निकल टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर बच्चों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है. वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से भी संभावित रास्तों और ठिकानों की जांच की जा रही है, ताकि लापता बच्चों से जुड़ा कोई सुराग मिल सके.

सर्च ऑपरेशन में धुर्वा, जगन्नाथपुर और सुखदेवनगर थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. मौसीबाड़ी और उसके आसपास के हर संभावित स्थान की गहन तलाशी ली जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम हर उस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है, जिस पर बच्चों के लापता होने को लेकर किसी तरह का संदेह है.

घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता और मायूसी बढ़ती जा रही है. परिजन लगातार पुलिस से अपने बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की गुहार लगा रहे हैं. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को भी लापता भाई-बहन से जुड़ी कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत स्थानीय थाना या वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचित करें.

Read More News

Read More