बेड़ो थाना के सब इंस्पेक्टर को एसीबी ने घूस लेते किया गिरफ्तार

News Saga Desk

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची ने कार्रवाई करते हुए बेड़ो थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर श्याम नंदन पासवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. एसीबी की टीम ने शुक्रवार को उन्हें 10 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा.

एसीबी के अनुसार, एक ट्रक मालिक ने विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एमवीआई रिपोर्ट भेजने के नाम पर सब इंस्पेक्टर द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी.

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देकर काम कराने से इनकार किया, लेकिन आरोप है कि अभियुक्त लगातार फोन कर उसे थाने बुलाता रहा और पैसों की मांग करता रहा. इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और अंततः एसीबी से शिकायत की.

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें घूस मांगने के आरोप सही पाए गए. इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर शुक्रवार को बेड़ो थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर श्याम नंदन पासवान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Read More News

Read More