News Saga Desk
पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। ठंड और शीतलहर को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा और तेज ठंडी हवाएं चलने से कनकनी बढ़ गई है, हालांकि दिन में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। इसे ध्यान में रखते हुए इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भी शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है, लेकिन यहां स्थिति अपेक्षाकृत कम गंभीर रहने के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की अस्थायी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। ऐसे में मकर संक्रांति और टूसू पर्व के दौरान भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
शुक्रवार को मैक्लुस्कीगंज और कांके क्षेत्र में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया। पारा गिरने के कारण सुबह-सुबह कई जगहों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो गईं। मैक्लुस्कीगंज के लपरा इलाके में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री, विकासनगर में माइनस 1.5 डिग्री, राणा कंट्री कॉटेज में 0.2 डिग्री और कोनका में 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य जिलों की बात करें तो खूंटी में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रांची में 7.3 और कांके में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कांके के कई इलाकों में घास और पुआल पर जमी ओस बर्फ का रूप ले चुकी थी, जो सफेद चादर जैसी दिखाई दे रही थी।
राज्य के अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया-जमशेदपुर 8.4, मेदिनीनगर 3.2, बोकारो 5.1, हजारीबाग 4.3, सरायकेला 5.5, गुमला 4.0 और देवघर 8.5 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

No Comment! Be the first one.