झारखंड में शीतलहर का कहर जारी, 14-15 जनवरी को गिरेगा पारा

News Saga Desk

रांची: झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है और मकर संक्रांति के मौके पर ठंड और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 14 और 15 जनवरी को राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसे देखते हुए रांची समेत राज्य के 17 जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा देखने को मिल रहा है। शाम होते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है। हालांकि बीते दो दिनों से दिन में खिली धूप के कारण लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। मैक्लुस्कीगंज और कांके क्षेत्र में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दिन के समय ठंड का असर थोड़ा कम हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 जनवरी को एक बार फिर पारा गिरेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। इसके बाद 16, 17 और 18 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार; दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां; तथा मध्य झारखंड के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में शीतलहर चलने की आशंका है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा और कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखा गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 21.6 और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कांके में अधिकतम 22.5 और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कांके प्रखंड में दिन के समय हल्की धूप से राहत मिली है, लेकिन सुबह और देर शाम ठंड बरकरार है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है और गर्म कपड़े पहनने के साथ ठंडी हवा से बचने की हिदायत दी है।

Read More News

Read More