आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, बूथ कार्यकर्ता से शीर्ष पद तक का सफर

News Saga Desk

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा को बुधवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार दोपहर 2 बजे उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। इस पद के लिए केवल आदित्य साहू ने ही नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद वे निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।

पार्टी ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भाजपा में एक साधारण बूथ कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के दम पर बड़े पद तक पहुंच सकता है। आदित्य साहू का राजनीतिक सफर इसी सोच की मिसाल माना जा रहा है।

आदित्य साहू का राजनीतिक सफर

आदित्य साहू ने साल 1980 में झारखंड के ओरमांझी स्थित कुचू गांव से बूथ कार्यकर्ता के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी। करीब 46 साल के लंबे संघर्ष और अनुभव के बाद वे अब प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। उनकी पहचान एक अनुशासित, धैर्यवान और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में रही है।

पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, कड़िया मुंडा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास जैसे वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में उन्होंने संगठन में लगातार काम किया। वे किसी गुट से नहीं जुड़े रहे, इसी वजह से सभी कार्यकर्ताओं में लोकप्रिय रहे। फिलहाल वे राज्यसभा सांसद और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं।

बधाइयों का सिलसिला शुरू

आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है। भाजपा नेता राज पलिवार ने ट्वीट कर उन्हें निर्विरोध चुने जाने पर बधाई दी और संगठन को नई ऊर्जा मिलने की बात कही।

राष्ट्रीय परिषद के लिए 21 नाम घोषित

बुधवार को ही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की 21 सीटों के लिए नामों की भी घोषणा की गई। इसमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, संजय सेठ, अन्नपूर्णा देवी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।

बाबूलाल मरांडी की जगह लेंगे आदित्य साहू

आदित्य साहू अब बाबूलाल मरांडी की जगह झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। 3 अक्टूबर को उन्हें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनकी सरल कार्यशैली और संगठन में मजबूत पकड़ के कारण वे पार्टी के अंदर और कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय माने जाते हैं।

Read More News

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन पहुंचे उलिहातू, बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, स्थानीय लोगों से की मुलाकात

खूंटी: भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब देश के...

सीवान में रामनवमी मेले के बीच हैवानियत: 12 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, आरोपी स्कूल ड्राइवर गिरफ्तार

सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव में शुक्रवार शाम यानि कल करीब 7 बजे रामनवमी के...

Read More