युवा महोत्सव में मैराथन के दौरान छात्र की मौत, कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

News Saga Desk

चाईबासा: जिले के चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित युवा महोत्सव के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। मैराथन दौड़ में शामिल बीटेक के छात्र विक्रम टुडू (20) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। विक्रम धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के कनाटांड़ गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

कॉलेज में युवा महोत्सव के मौके पर दो किलोमीटर की मैराथन दौड़ और वाद-विवाद प्रतियोगिता रखी गई थी। मैराथन में कुल 58 छात्र शामिल हुए थे। दौड़ के दौरान विक्रम अचानक गिर पड़ा। आरोप है कि मौके पर न तो कोई मेडिकल टीम थी और न ही प्राथमिक इलाज की व्यवस्था, जिससे समय पर मदद नहीं मिल सकी।

छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने फोन पर बताया कि दौड़ के दौरान विक्रम की हृदय गति रुक गई थी। परिजनों ने सवाल उठाया कि इतने बड़े आयोजन में बिना मेडिकल सुविधा के छात्रों को दौड़ में क्यों उतारा गया।

कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डी. राहा ने बताया कि मैराथन के दौरान विक्रम की तबीयत अचानक खराब हुई और हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि छात्र के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने पानी डालकर मदद की, लेकिन यह घटना सभी के लिए बेहद दुखद है।

मृतक के चचेरे भाई नीतीश टुडू ने इसे कॉलेज प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताया और कहा कि परिजनों को सही जानकारी नहीं दी गई। घटना के बाद छात्र नेताओं और भाजपा नेताओं ने भी नाराजगी जताई।

भाजपा की नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू सदर अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराने की बात कही। वहीं भाजपा नेता देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने सरकार और कॉलेज प्रशासन से मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल है। छात्र की मौत ने कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More