इंडोनेशिया नंबर से धमकी, जमशेदपुर में उद्योगपति के बेटे की तलाश तेज

News Saga Desk

जमशेदपुर में एक बड़े उद्योगपति के बेटे के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है, जिससे शहर में सनसनी फैल गई है। उद्योगपति देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी बीते 24 घंटे से अधिक समय से लापता हैं और अब तक उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार विशेष जांच टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग राज्यों में छापेमारी और तकनीकी जांच में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, कैरव गांधी मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे घर से निकले थे। शाम आठ बजे तक के समय के बीच उनके लापता होने की बात सामने आई है। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया गया।

इस बीच परिजनों को इंडोनेशिया के एक व्हाट्सएप नंबर से धमकी भरा कॉल मिलने की बात सामने आई है। कॉल करने वाले ने फिरौती नहीं देने पर कैरव की जान को खतरा होने की बात कही। पहले यह चर्चा थी कि कैरव अपने साथ भारी मात्रा में नकदी लेकर निकले थे, हालांकि अब यह स्पष्ट हुआ है कि उनके पास नकद नहीं बल्कि एक चेक था। अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई धमकी ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को संकेत मिले हैं कि अपहरण से पहले कैरव की गतिविधियों और दिनचर्या पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी।

तलाशी के दौरान पुलिस को कैरव की क्रेटा कार सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा इलाके में लावारिस हालत में मिली। कार की चाबी वाहन के अंदर फर्श पर पड़ी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कैरव को दबाव में किसी अन्य वाहन में बैठाया गया होगा।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा है। पुलिस टीमें तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

कैरव गांधी के लापता होने के बाद से देवांग गांधी के आवास पर लोगों की आवाजाही बनी हुई है, हालांकि सुरक्षा कारणों और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए परिवार फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए हुए है। देवांग गांधी जमशेदपुर के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं और इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड समेत कई प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से जुड़े हुए हैं।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More