News Saga Desk
रांची सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री के बीच, 19 जनवरी के बाद राहत की उम्मीद। कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी रांची के साथ-साथ खूंटी, गुमला और आसपास के जिलों में शीतलहर और तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है।

13 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रांची, पलामू, गढ़वा, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़ और हजारीबाग सहित कुल 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बीते चार दिनों से इन जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। लगातार बढ़ती ठंड का असर बाजार, दैनिक गतिविधियों और लोगों की आवाजाही पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
राजधानी रांची में हालात सबसे ज्यादा खराब
राजधानी रांची में ठंड का असर अन्य जिलों की तुलना में ज्यादा गंभीर है। आग जलाने के लिए लकड़ी की कमी के चलते लोग टायर और बेकार सामान जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह और रात के समय ठंड इतनी तीव्र हो जाती है कि लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग कई परतों में गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं।
कब मिलेगी ठंड से राहत?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं 18 और 19 जनवरी तक तापमान में 3 से 4 डिग्री तक इजाफा हो सकता है। 19 जनवरी के बाद शीतलहर का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की उम्मीद है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
No Comment! Be the first one.