61 दिन बाद कोडरमा से सकुशल मिला लापता कन्हैया,एसएसपी ने की ऑपरेशन की मॉनिटरिंग

News Saga Desk

रांची: रांची पुलिस ने 61 दिनों से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार को कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया है। कन्हैया 22 नवंबर की शाम ओरमांझी थाना क्षेत्र से लापता हो गया था। उसकी सुरक्षित बरामदगी के लिए रांची पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) सात राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थी।

इसी क्रम में रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन को सूचना मिली कि बच्चे को कोडरमा में छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद रांची पुलिस की टीम ने कोडरमा पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए कन्हैया को सकुशल बरामद कर लिया। पूरे अभियान की निगरानी स्वयं एसएसपी राकेश रंजन कर रहे थे।

22 नवंबर से था लापता कन्हैया

ओरमांझी इलाके का रहने वाला कन्हैया कुमार 22 नवंबर 2025 की शाम से लापता था। परिजनों के अनुसार, कन्हैया ओरमांझी ब्लॉक चौक के पास स्थित एसएस प्लस-टू उच्च विद्यालय के मैदान में बच्चों के साथ फुटबॉल खेलने गया था। खेल के बाद वह ममता मार्केट पहुंचा, जहां उसकी मां फुचका की दुकान लगाती हैं।

दुकान पर पहुंचकर कन्हैया ने खुद चाट बनाकर अपनी मां को खिलाया और थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर वहां से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।

कन्हैया के परिवार की स्थिति भी काफी कमजोर है। उसका बड़ा भाई कृष्णा कुमार (19) एक किडनी खराब होने के कारण गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। उससे छोटी एक बहन शिवानी कुमारी है। पिता अर्जुन साव शारीरिक रूप से अक्षम हैं। कन्हैया कक्षा तीन का छात्र था और शाम के समय मां की फुचका दुकान में भी हाथ बंटाता था।

अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का हुआ खुलासा

गौरतलब है कि हाल ही में रांची पुलिस ने एक बड़े और संगठित अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह बच्चों का अपहरण कर उन्हें भीख मंगवाने, देह व्यापार और मानव तस्करी जैसे अमानवीय धंधों में धकेलता था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीजीपी तदाशा मिश्रा और सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए कुल 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विरोधी खेरवार, एंथोनी खेरवार, प्रमोद कुमार, आशिक गोप, राज रवानी, नव खेरवार, सोनी कुमारी, चांदनी देवी, सीता देवी, दिनू भुइयां, संन्यासी खेरवार, मालिन देवी, बेबी देवी, सोनिया देवी और उपैया खेरवार शामिल हैं।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Read More News

Read More