अक्षय कुमार की गाड़ियों का जुहू में एक्सीडेंट, दो लोग घायल

News Saga Desk

सोमवार शाम मुंबई में अचानक हुए सड़क हादसे ने सभी को चौंका दिया। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना इस दुर्घटना में शामिल थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कम से कम दो लोगों के घायल होने की सूचना है। हाल ही में विदेश से लौटे अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाकर मुंबई आए थे, लेकिन वापसी के तुरंत बाद यह घटना सामने आई, जिससे उनके प्रशंसक भी चिंतित हो उठे।

मर्सिडीज की टक्कर से बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, दोनों मुंबई एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जुहू इलाके में सिल्वर बीच कैफे के पास एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने आगे चल रहे एक ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो असंतुलित होकर अक्षय कुमार की सुरक्षा में चल रही गाड़ी से जा टकराया। इसके बाद पीछे चल रही अभिनेता की SUV भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। कुछ ही क्षणों में घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

सुरक्षा वाहन के नीचे फंसा ऑटो

हादसे के बाद ऑटो रिक्शा बुरी तरह फंस गया और ऐसा प्रतीत हुआ मानो वह पूरी तरह दब गया हो। ऑटो चालक और एक यात्री कुछ समय के लिए सुरक्षा वाहन के नीचे फंसे रहे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को स्थिति गंभीर लगने लगी। संयोग से महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो के डीजी विश्वास नांगरे पाटिल भी उस समय घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और जांच प्रक्रिया शुरू करवाई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे की असली वजह क्या थी और तेज रफ्तार कार कौन चला रहा था। फिलहाल, किसी भी तरह के जानलेवा नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में अक्षय कुमार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं

हादसे की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार के प्रशंसकों की प्रतिक्रियाएं तेजी से सामने आने लगीं। जैसे ही घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं, फैंस ने राहत की सांस ली और भगवान का शुक्रिया अदा किया कि अभिनेता और उनकी पत्नी सुरक्षित हैं। एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि “अक्षय कुमार के अच्छे कर्म हैं, तभी इतने बड़े हादसे में भी वह सुरक्षित रहे।” वहीं कई फैंस ने ऑटो चालक और अन्य घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More