झारखंड में मौसम स्थिर, एक सप्ताह तक सुबह कुहासा, दिन में रहेगा साफ मौसम

News Saga Desk

रांची: झारखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज स्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा या धुंध छाए रहने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा और मौसम सामान्य बना रहेगा।

 

शुष्क रहेगा मौसम, बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में सुबह के समय कुहासा रहने के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। दोपहर के बाद मौसम साफ हो जाएगा।

न्यूनतम तापमान में होगी बढ़ोतरी

अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद आगामी तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। तापमान में वृद्धि से ठंड से कुछ राहत मिलेगी, हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी।

अन्य क्षेत्रों में भी कोहरे का असर

दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में भी सुबह हल्का कोहरा और बाद में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

रांची का तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 25 जनवरी तक सुबह कुहासा या धुंध छाए रहने और इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में रांची का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी ने बताया कि शुष्क मौसम के कारण ठंड को लेकर किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटों का मौसम हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर और डालटनगंज में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 28 और 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2.1 से 4.0 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

Read More News

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, चलेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के...

Read More