गोंदलपुरा कोल ब्लॉक जनसुनवाई का ग्रामीणों ने किया कड़ा विरोध

News Saga Desk

हजारीबाग : गोंदलपुरा अदानी कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर आज बड़कागांव स्थित प्लस टू हाई स्कूल में प्रस्तावित जनसुनवाई का स्थानीय ग्रामीणों और विस्थापन विरोधी संगठनों ने कड़ा विरोध किया। विरोध में ग्रामीणों ने मार्च निकाला, जमकर नारेबाजी की और जनसुनवाई को तत्काल बंद करने की मांग उठाई।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने इस दिन को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया। जनसुनवाई के लिए तैयार किए गए स्थल पर तोड़फोड़ भी की गई, जहां कुर्सियों समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए।

भारी पुलिस तैनाती पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर जनसुनवाई आयोजित की जा रही है, जिससे उनकी आवाज दबाई जा रही है। उनका कहना है कि परियोजना के कारण संभावित विस्थापन और पर्यावरण पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों की अनदेखी की जा रही है।

विरोध कर रहे लोगों ने जनसुनवाई को असंवैधानिक करार देते हुए कहा कि अदानी प्रबंधन हजारों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जबरन यह प्रक्रिया पूरी कराने की तैयारी कर रहा है। आंदोलनकारियों के अनुसार, इतनी भारी पुलिस उपस्थिति में जनसुनवाई लोकतांत्रिक नहीं रह जाती, बल्कि यह जनता की आवाज दबाने का माध्यम बन जाती है।

परियोजना से विस्थापन और पर्यावरण को नुकसान की आशंका

स्थानीय लोगों और विस्थापन विरोधी संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी हाल में इस जनसुनवाई को स्वीकार नहीं करेंगे और परियोजना का विरोध अंत तक जारी रहेगा। उनका कहना है कि गोंदलपुरा कोल ब्लॉक परियोजना से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का विस्थापन होगा, जल-जंगल-जमीन पर संकट बढ़ेगा और पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचेगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनसुनवाई को तुरंत रद्द किया जाए और ग्रामीणों की सहमति, सुरक्षा तथा संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए ही किसी भी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। हालांकि, इस मामले पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Read More News

रांची में महिला के साथ सार्वजनिक अपमान, चप्पल की माला और कालिख पोतकर मुहल्ले में घुमाया, आरोपी गिरफ्तार

रांची के सदर थाना इलाके में 29 मार्च को एक महिला के साथ बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई।...

Read More