दावोस में झारखंड का मान बढ़ा, सीएम हेमंत सोरेन को मिला WEF का प्रतिष्ठित व्हाइट बैज

News Saga Desk

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए भारत से पहले आदिवासी निर्वाचित नेता के रूप में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक, दावोस में भाग लिया। झारखंड में उनके नेतृत्व में हो रहे परिवर्तनकारी कार्यों की सराहना करते हुए वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के प्रतिनिधियों ने उन्हें प्रतिष्ठित व्हाइट बैज प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को दिए जाने वाले स्थापित प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रदान किया गया, जो झारखंड के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

वैश्विक नेताओं को मिलता है व्हाइट बैज

व्हाइट बैज विश्व स्तर पर चयनित वैश्विक नेताओं को प्रदान किया जाता है। इसके माध्यम से धारक को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम कांग्रेस सेंटर सहित सभी विशेष WEF कार्यक्रमों में समान और पूर्ण प्रवेश की सुविधा मिलती है। यह सम्मान विश्व आर्थिक मंच द्वारा राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को दिया जाने वाला एक विशिष्ट और प्रतिष्ठित प्रतीक माना जाता है। इसी कांग्रेस सेंटर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को इच्छुक WEF

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के वरिष्ठ प्रतिनिधियों शैलेश और अनूप ने फोरम अध्यक्ष के विचारों से अवगत कराते हुए कहा कि WEF झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने का इच्छुक है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा WEF अध्यक्ष को भेजे गए औपचारिक पत्र की भी सराहना की और इसे झारखंड की स्पष्ट विकास-दृष्टि, गंभीरता और वैश्विक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक बताया।

क्रिटिकल मिनरल्स और जलवायु जैसे विषयों पर हुई चर्चा

दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की टीम के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से झारखंड अपने वैश्विक संबंधों को और मजबूत कर रहा है। बैठक के दौरान क्रिटिकल मिनरल्स, रेजिलिएंट और समावेशी समाज, तथा जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा संक्रमण जैसे तीन प्रमुख विषयों पर साझा सोच और भविष्य की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को WEF साइट भ्रमण का भी आमंत्रण दिया। साथ ही यह जानकारी दी गई कि फोरम अध्यक्ष झारखंड के साथ भविष्य में मिलकर कार्य करने की संभावनाओं पर संवाद के लिए इच्छुक हैं।

Read More News

Read More