नगर निगम चुनाव से पहले रांची में सियासी हलचल तेज, बूथों की सूची जारी

News Saga Desk

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच चुकी है। शहर की चाय दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक एक ही सवाल गूंज रहा है-“अबकी बार, किसका होगा वार्ड?” चुनाव की आधिकारिक घोषणा भले ही अभी बाकी हो, लेकिन प्रत्याशियों की सक्रियता ने माहौल पूरी तरह चुनावी बना दिया है। एक ओर पुराने दिग्गज अपनी साख बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं, तो दूसरी ओर नए और युवा चेहरे पूरे जोश के साथ मैदान में उतरकर समीकरण बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासन ने जारी की पोलिंग बूथों की सूची

चुनावी तैयारियों के तहत प्रशासन ने वार्डवार पोलिंग बूथों की सूची जारी कर दी है। इस बार वार्ड संख्या 50 सबसे अधिक चर्चा में है, जहां सर्वाधिक 23 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वहीं, वार्ड 25, 38 और 53 में सबसे कम 10-10 बूथों पर मतदान होगा।

वार्डवार पोलिंग बूथों का विवरण

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, वार्ड 1 में 12, वार्ड 2 में 19, वार्ड 3 में 14, वार्ड 4 में 17 और वार्ड 5 में 14 बूथ बनाए गए हैं। वार्ड 6 और 7 में 11-11, वार्ड 8 और 9 में 15-15, वार्ड 10 और 11 में 16-16, वार्ड 12 में 12, वार्ड 13 में 17, वार्ड 14 में 15 और वार्ड 15 में 14 पोलिंग बूथ होंगे।

इसी क्रम में वार्ड 16 में 18, वार्ड 17 में 14, वार्ड 18 में 15, वार्ड 19 में 17 और वार्ड 20 में 20 बूथ तय किए गए हैं। वार्ड 21 में 12, वार्ड 22 में 17, वार्ड 23 में 20, वार्ड 24 में 11 और वार्ड 25 में 10 बूथों पर मतदान होगा। वार्ड 26 और 27 में 16-16, वार्ड 28 में 19, वार्ड 29 में 12 और वार्ड 30 में 15 बूथ बनाए गए हैं।

वार्ड 31 में 15, वार्ड 32 में 20, वार्ड 33 में 12, वार्ड 34 में 16, वार्ड 35 में 13, वार्ड 36 में 18, वार्ड 37 में 14, वार्ड 38 में 10, वार्ड 39 में 19 और वार्ड 40 में 16 बूथ निर्धारित हैं। इसके अलावा वार्ड 41 में 12, वार्ड 42 में 13, वार्ड 43 में 16, वार्ड 44 में 14, वार्ड 45 में 17, वार्ड 46 में 16, वार्ड 47 और 48 में 13-13, वार्ड 49 में 17, वार्ड 50 में 23, वार्ड 51 में 16, वार्ड 52 में 15 और वार्ड 53 में 10 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रचार ने पकड़ी रफ्तार

चुनावी सरगर्मी के बीच प्रत्याशियों ने घर-घर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया से लेकर गलियों और मोहल्लों तक प्रचार अभियान तेज हो चुका है। अब सबकी निगाहें मतदाताओं पर टिकी हैं, जिनका फैसला तय करेगा कि इस बार रांची के वार्डों की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Read More News

Read More