News Saga Desk
रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से दिन में तेज धूप और हल्की गर्मी के कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब ठंड दोबारा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।

राज्य के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान के बीच बड़ा अंतर देखा जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में दिन के समय मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि ग्रामीण और पठारी इलाकों में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है।
अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में स्पष्ट गिरावट आने की संभावना है। ऊंचाई वाले और खुले क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा रहने की आशंका जताई गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि 24 और 25 जनवरी को तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।
रांची में दिन में धूप, रात में बढ़ रही ठंड
राजधानी रांची में मौसम मिला-जुला बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप राहत दे रही है, लेकिन रात में तापमान तेजी से गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
राज्य में सबसे ज्यादा ठंड कहां
राज्य में सबसे कम तापमान कांके और मैक्लुस्कीगंज में दर्ज किया गया। कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। दिन में हल्की गर्मी जरूर महसूस हुई, लेकिन सुबह और रात में कड़ाके की ठंड रही। हवा की रफ्तार कम रहने से ठंड का असर और बढ़ गया। पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
कोहरे ने भी बढ़ाई परेशानी
बीते 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हुई। चाईबासा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची का चार दिन का तापमान पूर्वानुमान
| तारीख | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 21 जनवरी | 27 | 9 |
| 22 जनवरी | 26 | 9 |
| 23 जनवरी | 26 | 10 |
| 24 जनवरी | 27 | 12 |
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनने की आवश्यकता है, ताकि ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।
No Comment! Be the first one.