News Saga Desk
Sultanpur में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की बारात में बज रहे तेज डीजे की आवाज से कथित तौर पर 140 मुर्गियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है। गांव निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी 25 अप्रैल को थी, जिसमें कुड़वार थाना क्षेत्र के रामभद्र पुरवा गांव से बारात आई थी।
बताया जा रहा है कि बारात के दौरान तेज आवाज में बजता डीजे जब गांव के रहने वाले साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। पोल्ट्री संचालक साबिर अली के अनुसार, डीजे की कानफोड़ू आवाज से मुर्गियां दहशत में आ गईं, जिसके चलते करीब 140 मुर्गियों की मौत हो गई।
शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक भरत सिंह ने कुड़वार थाना क्षेत्र के परसीपुर निवासी डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मुर्गियों की मौत का वास्तविक कारण क्या था।
साबिर अली (पोल्ट्री फार्म संचालक) ने बताया कि तेज आवाज के कारण मुर्गियां बुरी तरह घबरा गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
No Comment! Be the first one.