जबलपुर क्रूज हादसे के बाद वाराणसी में सख्ती, बिना लाइफ जैकेट चालकों और यात्रियों पर कार्रवाई

News Saga Desk

जबलपुर क्रूज हादसे के बाद वाराणसी में गंगा नदी में नावों पर लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना लाइफ जैकेट यात्रियों और बोट चालकों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

वाराणसी: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद अब वाराणसी में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गंगा नदी में चलने वाली नावों और बोटों पर सुरक्षा नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नावों पर लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया है और नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वाराणसी में पुलिस और प्रशासन की टीम गंगा की बीच धारा तक पहुंचकर बोट चालकों और यात्रियों की जांच कर रही है। जिन नावों पर यात्री बिना लाइफ जैकेट के सफर करते मिले, उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। कई बोट चालकों को चेतावनी दी गई, जबकि कुछ पर जुर्माना भी लगाया गया।

प्रशासन का कहना है कि जबलपुर हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा।

इसी बीच जबलपुर हादसे से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है। तस्वीर में एक माँ अपने बच्चे को सीने से लगाए नजर आ रही है। इस तस्वीर ने हर किसी को अंदर तक झकझोर दिया है।

“माँ” सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का एहसास है। कहा जा रहा है कि हादसे के दौरान भी एक माँ ने आखिरी पल तक अपने बच्चे को अपनी बाहों में कसकर थामे रखा। यह दृश्य लोगों की आंखें नम कर रहा है।

सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं “समंदर की लहरें भी शायद आज रो पड़ी होंगी, जब एक माँ ने अपनी बाहों में मौत को नहीं, अपनी दुनिया को थाम रखा था।”

जबलपुर हादसे के बाद अब प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ लोगों से भी अपील की जा रही है कि नाव या क्रूज में सफर के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें और लाइफ जैकेट पहनने में लापरवाही न बरतें।

Read More News

स्वास्थ्य विभाग घोटाले की स्वतंत्र जांच की मांग, भाजपा ने मंत्री को बर्खास्त करने की उठाई मांग

रांची में भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग में हुए कथित घोटाले की स्वतंत्र एजेंसी से...

Read More