News Saga
रांची | राजधानी Ranchi में चर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 168 आरोपितों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। रांची स्थित अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने सभी आरोपितों को 20-20 हजार रुपये के दो-दो निजी मुचलकों पर जमानत दे दी।
इससे पहले बुधवार को मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
11 अप्रैल को हुई थी बड़ी कार्रवाई
बताया गया कि इसी वर्ष 11 अप्रैल को उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप में 168 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश परीक्षार्थी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था।
तमाड़ के रड़गांव में हुई थी छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव स्थित एक अर्धनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात वहां छापा मारा।
पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन कार्रवाई के दौरान 168 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पेपर लीक गिरोह के सरगना भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में अंतरराज्यीय पेपर लीक और पेपर सॉल्व कराने वाले गिरोह के पांच कथित सरगना भी शामिल हैं। इनमें अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा सात महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया था।
अभ्यर्थियों से 10 लाख रुपये तक की डील
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के एजेंटों ने अभ्यर्थियों को तमाड़ के रड़गांव में ठहराया था, जहां उन्हें प्रश्नों के उत्तर रटाए जा रहे थे। गिरोह ने अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन और एडमिट कार्ड अपने कब्जे में रख लिए थे।
जानकारी के अनुसार नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से 10-10 लाख रुपये तक की डील की गई थी। कुछ अभ्यर्थियों ने गिरोह के सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी दिए थे।
तमाड़ थाना में दर्ज है मामला
इस मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में 152 पुरुष अभ्यर्थी, सात महिला अभ्यर्थी, पांच गैंग सरगना समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को 13 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया था, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
No Comment! Be the first one.