बक्सर परिवहन कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने से मचा हड़कंप, शराबबंदी पर फिर उठे सवाल

news Saga Desk

बक्सर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद बक्सर जिला परिवहन कार्यालय परिसर से भारी मात्रा में शराब की खाली और भरी बोतलें मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में शराबबंदी कानून की जमीनी हकीकत और सरकारी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गुरुवार को परिवहन कार्यालय परिसर के नीचे बने कमरों और सरकारी अलमारियों के आसपास से शराब की कई बोतलें और रैपर बरामद किए गए। मामले की जानकारी मिलते ही कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एसडीपीओ गौरव पांडेय मौके पर पहुंचे। बाद में उत्पाद विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सरकारी कार्यालय में रोज अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रहती है, वहां इतनी बड़ी मात्रा में शराब का मिलना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। लोगों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि कहीं परिसर का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि या नेटवर्क के लिए तो नहीं किया जा रहा था।

घटना के बाद कार्यालय की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद शराब की बोतलों का परिसर में पहुंचना प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है।

मामले को लेकर शुभम आर्य ने बताया कि परिवहन विभाग कार्यालय परिसर से शराब की खाली और भरी बोतलें बरामद हुई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

Read More