ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर AC स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस ने चालक-परिचालक को हिरासत में लिया है।
News Saga Desk
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक AC बस में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। इस दर्दनाक हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती पुलिस जांच में बस के AC सिस्टम में चिंगारी या ब्लास्ट के बाद आग फैलने की बात सामने आई है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा 23 सितंबर की देर रात करीब 11 बजे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। जैसे ही बस यमुना एक्सप्रेसवे के करीब 33 किलोमीटर के पास पहुंची, यात्रियों को जलने की गंध महसूस हुई।
कुछ यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बस को रोका गया, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। कई यात्री नींद में थे और आग लगने के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
9 यात्रियों की मौत, कई सुरक्षित निकाले गए
आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद बस के अंदर से नौ लोगों के शव बरामद किए। पुलिस के मुताबिक मृतकों में एक महिला और आठ पुरुष शामिल हैं। कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार 20 से अधिक यात्रियों को बचाया गया।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
इसे भी देखे- BPSSC ने बिहार दरोगा मुख्य परीक्षा की रद्द ! गड़बड़ी की मिली थी शिकायत
AC में चिंगारी से आग लगने की शुरुआती आशंका
ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में AC बस में आग लगने की वजह एयर कंडीशनिंग सिस्टम में चिंगारी या ब्लास्ट को माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक AC से निकली चिंगारी ने इंजन के लुब्रिकेटिंग ऑयल को आग की चपेट में ले लिया, जिसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हालांकि, आग की वास्तविक वजह और किसी संभावित सुरक्षा चूक की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
No Comment! Be the first one.