CM सम्राट चौधरी ने किया राजगीर मलमास मेला का उदघाटन, देश-विदेश से पहुंचने लगे श्रद्धालु

News Saga Desk

नालंदा जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक नगरी राजगीर में रविवार को आस्था और श्रद्धा के महापर्व मलमास मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। ब्रह्मकुंड परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुंड और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी वापस रवाना हो गए। करीब एक महीने तक चलने वाला यह धार्मिक मेला 15 जून तक आयोजित होगा।

मलमास मेले के दौरान श्रद्धालु राजगीर के पवित्र गर्म जल के 22 कुंडों और 52 धाराओं में स्नान करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन पवित्र कुंडों में स्नान करने से पाप और कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है। मेले में तीन शाही स्नान का भी विशेष महत्व बताया गया है।

मलमास मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। नेपाल और श्रीलंका समेत कई देशों से साधु-संत, ऋषि-मुनि और धर्माचार्य इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं।

मेला का आयोजन पर्यटन विभाग और नालंदा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर डीएम कुंदन कुमार और एसपी भारत सोनी भी मौजूद रहे।

Read More News

Read More