News Saga Desk
रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब राज्य में तापमान फिर बढ़ने लगा है।
मंगलवार को पलामू जिला मुख्यालय डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य का तापमान सामान्य से दो डिग्री से अधिक नहीं पहुंचा है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मई में कम रही गर्मी, अब फिर बढ़ रहा तापमान
इस बार मई महीने में झारखंड के लोगों को अपेक्षाकृत कम गर्मी झेलनी पड़ी। बीच-बीच में हुई बारिश और बदलते मौसम की वजह से तापमान नियंत्रित रहा और भीषण गर्मी से राहत मिली। लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक 20 मई और 23 मई को राज्य के पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा गुमला जिले के ठेठईटांगर में 50.3 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।
अन्य प्रमुख स्थानों पर हुई बारिश:
- बानो (सिमडेगा) – 30.6 मिमी
- सिमडेगा – 14.6 मिमी
- नामकुम – 7.7 मिमी
- बंदगांव – 7.2 मिमी
- चंदनकियारी – 4.6 मिमी
इसके अलावा राज्य के कई अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हुई।
जानिए प्रमुख शहरों का तापमान
- डाल्टनगंज – 43.4°C
- जमशेदपुर – 41.1°C / न्यूनतम 27.7°C
- चाईबासा – 40.4°C / न्यूनतम 25.4°C
- बोकारो – 39.1°C / न्यूनतम 25.6°C
- रांची – 36.2°C
- गुमला – न्यूनतम 21.7°C (राज्य में सबसे कम)
रांची में बढ़ी उमस
मंगलवार सुबह से रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। तेज धूप निकलने के कारण दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस दोनों बढ़ती गईं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.