पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो उग्रवादियों के मारे जाने की सूचना

News Saga Desk

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सोनुआ थाना क्षेत्र के लोंजो स्थित केड़ाबीर जंगल में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई में दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।

सुबह सात बजे शुरू हुई गोलीबारी

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब सात बजे सुरक्षाबल जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक लगातार गोलीबारी होती रही। बाद में नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगे।

एसपी ने मुठभेड़ की पुष्टि की

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सोनुआ थाना क्षेत्र के लोंजो-केड़ाबीर इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है।

उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितने नक्सली मारे गए हैं और मौके से क्या-क्या बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके में कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चला रही है। जंगल के कई हिस्सों को घेरकर सील कर दिया गया है ताकि नक्सली भाग न सकें।

मिसिर बेसरा और सालुका कायम दस्ते की तलाश

सूत्रों के अनुसार सारंडा क्षेत्र में बढ़ते दबाव के बाद कई बड़े नक्सली पोड़ाहाट के जंगलों में शरण लिए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को करोड़ों के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के इलाके में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके अलावा 10 लाख के इनामी नक्सली सालुका कायम और उसके दस्ते की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आई थी।

इन्हीं सूचनाओं के आधार पर सुरक्षाबल लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। माना जा रहा है कि मंगलवार की मुठभेड़ उसी अभियान का हिस्सा है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि मारे गए नक्सली किस संगठन या दस्ते से जुड़े थे।

पूर्व नक्सली की हत्या के बाद बढ़ी थी सतर्कता

कुछ दिन पहले गोईलकेरा थाना क्षेत्र में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पहले से अलर्ट थीं। जांच में संकेत मिले थे कि नक्सली संगठन सारंडा से निकलकर कोल्हान और पोड़ाहाट के जंगलों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में अभियान तेज कर दिया था। इससे पहले 29 अप्रैल को भी सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक लाख के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मार गिराया था। उस कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान और तेज करने की बात कही थी।

Read More News

पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो उग्रवादियों के मारे जाने की सूचना

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।...

Read More