News Saga Desk
रांची: झारखंड में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिले भीषण गर्मी और तेज धूप की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। आसमान से बरस रही तपिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है और दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.4 डिग्री बढ़ा है। वहीं जमशेदपुर में तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 41.8 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप और उमस बनी रहेगी। हालांकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
रांची में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दोपहर बाद बादल छाने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है।
इधर मेदिनीनगर में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार को यहां का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 मई को गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है।
भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग बेहद जरूरी होने पर ही दिन के समय घर से बाहर निकलें। साथ ही राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अस्पतालों में ओआरएस काउंटर, जरूरी दवाइयां, आईवी फ्लूइड्स, आपातकालीन बेड और ठंडक की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा चिकित्सकीय टीमों को अलर्ट मोड में रहने तथा अस्पतालों में वाटर कूलर और निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
No Comment! Be the first one.