पटना। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (कंफेड) ने सुधा दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें गुरुवार सुबह से लागू हो गई हैं। इससे पहले अमूल ने भी दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी।
नई कीमतों के अनुसार, सुधा गोल्ड दूध अब 65 रुपये की जगह 67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, सुधा शक्ति दूध की कीमत 57 रुपये से बढ़ाकर 59 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
इसके अलावा कॉउ मिल्क की कीमत में भी दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह 54 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, जो अब 56 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में सुधा के अलावा आशीर्वाद सहित अन्य डेयरी कंपनियों के उत्पाद भी बिकते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सुधा के बाद अन्य कंपनियां भी जल्द दूध की कीमतों में इजाफा कर सकती हैं।
हालांकि उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल पनीर, खोवा, छेना और उनसे बनने वाली मिठाइयों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कंफेड के अधिकारियों के अनुसार, पशु आहार, परिवहन और उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण दूध के दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। अधिकारियों ने बताया कि डेयरी क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों से बढ़ती लागत के दबाव का सामना कर रहा है, जिसके चलते समय-समय पर खुदरा कीमतों में संशोधन करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों में सुधा द्वारा दूध की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 21 मई 2025 को भी संस्था ने दूध के दाम में दो रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की थी।
No Comment! Be the first one.